श्री राम जानकी विवाह महोत्सव में श्री महाकालेश्वर मंदिर से मिठास फैलाने के लिए अयोध्या भेजे गये लड्डू
उज्जैन । श्री राम जानकी विवाह महोत्सव के अवसर पर मिथिला (नेपाल) में वितरण करने हेतु राम जन्मभूमि ट्रस्ट, अयोध्या को श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा महाकालेश्वर मंदिर के प्रसिद्ध 1,11,111 लड्डू भोग प्रसाद उपहार भेट स्वरूप भेजे जा रहे है।उक्त लड्डू प्रसाद माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश शासन की मंशानुरूप श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा तैयार करवाये गए है। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रसाद की मिठास अयोध्या व जनकपुरी में भक्तों में वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा लड्डू प्रसाद के कन्टेनर को उज्जैन में इंदौर रोड स्थित महामृत्युंजय द्वार से भगवा ध्वज दिखाकर अयोध्या पहुंचाए जाने हेतु रवाना किया गया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डमरूवादन , शंखनाद और वेद ऋचाओं की गूंज से हुआ। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि भारत नेपाल के धार्मिक,सांस्कृतिक और मैत्री सम्बन्ध बहुत पुराने हैं। मिथिला नेपाल में भगवान श्री महाकाल का लड्डू प्रसाद वितरण का कदम भारत नेपाल संबंधों को प्रगाढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी है।इस दौरान बालयोगी उमेशनाथ महाराज राज्यसभा सांसद, अनिल फिरोजिया सांसद उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र, गौतम टेटवाल प्रभारी मंत्री जिला उज्जैन, अनिल जैन कालूहेडा विधायक उज्जैन (उत्तर), जितेन्द्र पंड्या विधायक बडनगर, कलावती यादव अध्यक्ष नगर पालिक निगम,विवेक जोशी भाजपा जिला अध्यक्ष उज्जैन नगर, बहादुर सिंह बोरमुन्डला भाजपा जिला अध्यक्ष उज्जैन ग्रामीण, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा , महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़, समिति सदस्य पुजारी प्रदीप गुरु,राजेंद्र शर्मा, राम पुजारी,राजेश पुजारी आदि उपस्थित थे |

0 Comments