मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव की अनुभूति का क्षण- मंत्री श्री परमार

भरत पटेल 
शाजापुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार की उपस्थिति में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एक नवम्बर  के अवसर पर शाजापुर स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। मंत्री श्री परमार ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि वैभवशाली मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव की अनुभूति का क्षण है। हमारा प्रदेश शौर्य, इतिहास, संस्कृति, कला, धर्म और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध प्रदेश है।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हमारा प्रदेश सतत् विकास और प्रगति के नए आयामों को स्पर्श कर रहा हैं। साथ ही उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि आईए हम सब मिलकर मध्यप्रदेश को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए, प्रदेश के विकास और प्रगति में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि आने वाले समय में जिले के सभी ग्रामों में पर्याप्त मात्रा में सिंचाई एवं पीने के लिए पानी की उपलब्धता रहे, इसके लिए सभी ग्रामों को शत प्रतिशत शुद्ध पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पौधा रोपण करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा सामाजिक समरसता में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा। मंत्री श्री परमार ने कहा कि 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 साल होने पर भारत दुनिया की पहली अर्थव्यवस्था बनेगा एवं ऊर्जा के क्षेत्र में भारत विश्व को ऊर्जा देने वाला देश बनेगा।
      मंत्री श्री परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश में पूर्व से 07 आयुर्वेदिक महाविद्यालय स्थापित हैं एवं 08 नवीन आयुर्वेदिक महाविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है, इस प्रकार मध्यप्रदेश में कुल 15 आयुर्वेदि‍क महाविद्यालय हो जायेंगे। इन महाविद्यालयों के माध्यम से चिकित्सकों की संख्या में वृद्धि होगी एवं आयुर्वेद के माध्यम से सभी लोगों को सस्ते से सस्ता स्वास्थ्य लाभ मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां अन्य राज्यों की भाषाएं जैसे- कन्नड़, तमिल, तेलगु, मलयालम आदि भाषाएं महाविद्यालयों में विषय के रूप में सिखाई जायेगी। जिससे भाषा बंधन समाप्त होगा।
    शाजापुर  विधायक अरूण भीमावद ने संबोधित करते हुए सभी को 70वे मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। विधायक श्री भीमावद ने कहा कि मध्यप्रदेश आज उद्योग, सिंचाई, रोजगार आदि क्षेत्रों में निरंतर विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश का सिंचाई का क्षेत्रफल 60 लाख हेक्टेयर हैं, जो  2026 तक 90-100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सभी को पर्याप्त मात्रा में पानी मिलने लगेगा। साथ ही उन्होंने शाजापुर जिले में किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक श्री भीमावद ने दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशंस की टीम एवं वन विभाग की टीम द्वारा हेलीकॉप्टर और बोमा से कृष्णमृगों को पकड़ने के अभियान की जानकारी देते हुए इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कहा।

प्रदर्शनी का अवलोकन

इस दौरान मंत्री श्री परमार एवं उपस्थित अतिथियों ने जिला उद्योग केन्द्र, कृषि, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यानिकी, जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र.डे.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत शाजापुर (एनआरएलएम), नगरपालिका (एनयूएलएम) आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर इटरनल स्कूल, मॉ उमिया, सांदीपनि एवं उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  हेमराज सिंह सिसोदिया, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक  यशपाल सिंह राजपूत, नगरपालिका अध्यक्ष  प्रेम जैन, पूर्व विधायक  पुरूषोत्तम चन्द्रवंशी, डॉ. रवि पाण्डे, अपर कलेक्टर  बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  घनश्याम मालवीय, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अंकिता पाटकर एवं सुश्री नेहा गंगारे सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थीगण आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती रेखा पुरोहित ने किया।

Post a Comment

0 Comments