कृषक बंधु अपनी फसल मंडी में लाये, अधिक दाम, उचित तौल नगद भुगतान पाये
कृषि उपज विपणन के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल
भरत पटेल
शाजापुर। कृषि उपज मण्डी समिति शाजापुर सचिव भगवानसिंह परिहार ने बताया कि म.प्र. शासन एवं मंडी बोर्ड द्वारा किसान भाईयों को कृषि विपणन के क्षेत्र में अभिनव कदम उठाते हुए मोबाईल एप्प के माध्यम से अपनी कृषि उपज का विक्रय अपने घर, खलिहान, गोदाम से करने की सुविधा प्रदान की गई है।
कृषि उपज मण्डी समिति सचिव परिहार ने बताया कि इसका लाभ लेने के लिए किसान भाईयों को सर्वप्रथम अपने एंड्राइड मोबाईल पर मंडी बोर्ड भोपाल का मोबाईल ऐप MPFARMGATE इंस्टाल करना होगा। इसके पश्चात कृषक भाई एप्प में कृषक पंजीजन की कार्यवाही पूर्ण करें। फसल विक्रय के समय कृषक बंधु अपनी कृषि उपज के संबंध में मंडी फसल ग्रेड- किस्म, मात्रा एवं वांछित भाव की जानकारी दर्ज करें। इसके उपरांत आपके द्वारा फसल की जानकारी एवं बाजार की स्थिति के अनुसार अपनी दरें ऑनलाईन दर्ज की जायेगी, जो कृषक को एप्प में ऑनलाईन प्रदर्शित होगी। व्यापारी द्वारा प्रस्तुत दरों में उच्चतम दर पर कृषक द्वारा अपनी सहमति ऑनलाईन दर्ज कराने पर संबंधित व्यापारी को एप्प में गैसेज प्राप्त होगा, जिसके उपरांत आपसी सहमति के आधार पर चयनित स्थल पर कृषि उपज का तौल होगा। तौल कार्य उपरांत ऑनलाईन सौदा पत्रक एवं भुगतान पत्रक जारी किया जायेगा तथा शासन एवं मंडी बोर्ड के नियमानुसार नगद/ बैंक खाते में भुगतान किया जायेगा। इस प्रकार किसान भाई मोबाईल एप्प के माध्यम से मंडी में आये बिना अपने घर, गोदाम, खलिहान से भी अपनी कृषि उपज का विक्रय कर सकते है।
सचिव श्री परिहार ने जिले के सभी किसान भाईयों से अनुरोध किया है कि वे अपने एंड्राईड मोबाईल में ऐप MPFARMGATE को इंस्टाल कर, राज्य शासन एवं मंडी बोर्ड की इस अभिनव पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाये।

0 Comments